Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में रायपुर के बिजनेसमैन की मौत

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में रायपुर के एक व्यापारी दिनेश मिरानिया की मौत हो गई। समता कॉलोनी निवासी कारोबारी मिरानिया को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
By Navodit Saktawat
Publish Date: Tue, 22 Apr 2025 06:33:38 PM (IST)
Updated Date: Wed, 23 Apr 2025 12:34:07 PM (IST)
HighLights
- दिनेश मिरानिया परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर यात्रा पर गए हुए थे।
- तभी वे आतंकी हमले की चपेट में आ गए। हमले में उन्हें गोली लगी।
- उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में रायपुर के एक व्यापारी दिनेश मिरानिया की मौत हो गई। समता कॉलोनी निवासी कारोबारी मिरानिया को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार दिनेश मिरानिया 18 अप्रैल को पत्नी नेहा और दो बच्चों शौर्य और लक्षिता के साथ विवाह की वर्षगांठ के अवसर पर घूमने गए थे।
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- आतंकी हमले में रायपुर के दिनेश मिरानिया जी के निधन की भी दुःखद खबर है। दुःख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। आतंकियों द्वारा किए गए इस कृत्य की जितनी निंदा की जाए, कम है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
यात्रा पर गए थे, हमले की चपेट में आ गए
- प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश मिरानिया अपने परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर यात्रा पर गए हुए थे। उसी दौरान वे आतंकी हमले की चपेट में आ गए।
- हमले में उन्हें गोली लगी, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
- घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर स्थित उनके परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हमले की जांच की जा रही है।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कानपुर के युवक को लगी गोली
महाराजपुर के गांव हाथीपुर निवासी चंदन चक्की वालों का परिवार भी पहलगाम में हुए आतंकी हमले का शिकार हुआ है। परिवार शहर के श्यामनगर में छप्पन भोग के पास रहता है। व्यवसायी का नाम संजय द्विवेदी है, जो पत्नी और बेटे-बहू के साथ कश्मीर घूमने गए हैं। आतंकियों की गोलीबारी में संजय के बेटे शुभम को भी गोली लगी है। संजय के भाई मनोज द्विवेदी ने बताया कि हमले में भतीजे शुभम के गोली लगने की जानकारी मिली है, लेकिन अभी और अधिक जानकारी नहीं है।



