ODI World Cup 2027: अगले साल होने वाले वनडे विश्वकप के वेन्यू घोषित, दक्षिण अफ्रीका में आठ स्थलों पर होंगे मैच

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले 2027 वनडे विश्व कप के लिए 12 वेन्यू तय कर लिए गए हैं। सह-मेजबान दक्षिण अफ्रीका के आठ स्टेडियम इन खेलों की मेजबानी करेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। यह प्रतिष्ठित 50 ओवर का टूर्नामेंट 24 साल बाद दक्षिण अफ्रीका में वापसी कर रहा है। इससे पहले 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने आठवें पुरुष क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी की थी।
जोहानिसबर्ग में आयोजित एक समारोह में टूर्नामेंट के लिए दक्षिण अफ्रीका के आठ शहरों, जिम्बाब्वे के तीन शहरों और नामीबिया की राजधानी विंडहोक को सह-मेजबान के रूप में पेश किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट दिग्गज ग्रीम स्मिथ, मखाया एंटिनी, हाशिम अमला, तेम्बा बावुमा और कगिसो रबाडा, जिम्बाब्वे के हेमिल्टन मसाकाद्जा और नामीबिया के रुडोल्फ जानसेन वैन वूरेन भी मौजूद थे।
किस देश के कितने वेन्यू
दक्षिण अफ्रीका के आठ शहर, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया का एक शहर अगले साल होने वाले इस वैश्विक टूर्नामेंट के मुकाबलों की मेजबानी करेंगे। आइए जानते हैं इन तीनों देशों के किन स्टेडियम में वनडे विश्व कप 2027 के मैच होंगे…
दक्षिण अफ्रीका के इन स्टेडियम में होंगे मैच
- वांडरर्स स्टेडियम (जोहानिसबर्ग)
- सेंचुरियन (त्शवाने)
- न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (केप टाउन)
- किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड (डरबन)
- सेंट जॉर्ज पार्क (गेकेबरहा)
- मैंगांग ओवल (ब्लोएमफोंटिन)
- बोलैंड पार्क (पार्ल)
- बफेलो पार्क (कुगोम्पो सिटी)
जिम्बाब्वे के तीन शहर करेंगे मेजबानी
- हरारे स्पोर्ट्स क्लब (हरारे)
- क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो)
- फाले मोसी-ओ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स)
नामीबिया: नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड (विंडहोक)




