मरवाही में हाथियों ने तोड़ी छात्रावास की बाउंड्रीवाल: वीडियो वायरल होने के बाद भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण पर उठे सवाल – Gaurela News

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल में चार हाथियों के एक दल ने छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में दीवार टूटने के बाद कॉलम में लोहे के सरिए नहीं दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिसके चलते लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर टिप्पणी की है। दीवार टूटने का वीडियो हुआ वायरल वायरल वीडियो में हाथियों का दल छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल को तोड़ता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने दावा किया कि दीवार के कॉलम में पर्याप्त सरिए और छड़ का उपयोग नहीं किया गया था। हालांकि, इस संबंध में किसी सक्षम तकनीकी एजेंसी या विभागीय जांच की आधिकारिक रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए लिखा कि “गजराज सरकारी निर्माण कार्यों की पोल खोलकर आगे बढ़ गए।” वहीं कुछ लोगों ने पिछले वर्षों में हुए सरकारी निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठाई है। जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है हाथियों का दल वन विभाग के अनुसार, हाथियों का यह दल वर्तमान में मरवाही वन परिक्षेत्र के गुल्लीडांड बीट स्थित पीएफ-2025 वन तालाब क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह दल सिवनी परिक्षेत्र के घुसरिया परिसर से होते हुए मरवाही क्षेत्र में पहुंचा है और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। फसलों को पहुंचा चुके हैं नुकसान वन विभाग की जानकारी के मुताबिक, हाथियों के दल ने नवाटोला क्षेत्र में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि अब तक किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी रिहायशी मकान को क्षति पहुंचने की सूचना नहीं मिली है। हाथियों की मौजूदगी के कारण आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सतर्कता बरत रहे हैं। कई गांवों की ओर बढ़ सकता है दल वन अधिकारियों ने आशंका जताई है कि हाथियों का दल आने वाले दिनों में नाका, घुसरिया, मरवाही, सचराटोला और सेमरदर्री क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को जारी की गई चेतावनी वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर जाने से बचें और हाथियों के नजदीक जाने का प्रयास न करें। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन अमले को देने की सलाह दी है। वन विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय अमला पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।
Source link




