महासमुंद में 10.38 किलो गांजा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार: एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की कार्रवाई,5.49 लाख रुपये का गांजा और मोबाइल बरामद – Mahasamund News

महासमुंद में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10.380 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 5.49 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि ग्राम रेहटीखोल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-53 किनारे तीन व्यक्ति दो पिट्ठू बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे गांजा सूचना पर एएनटीएफ और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राजू सिंह (50), निवासी फतेहपुर (उत्तरप्रदेश), विकास कुमार तिवारी (26), वर्तमान निवासी रायपुर तथा मूल निवासी मनेन्द्रगढ़, और सतेन्द्र कुमार निर्मल (24), निवासी फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बैग में गांजा रखा है। आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के फतेहपुर में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। 5.49 लाख की संपत्ति जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.380 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 5.19 लाख रुपये, तथा तीन मोबाइल फोन (करीब 30 हजार रुपये) जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 5.49 लाख रुपये आंकी गई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज तीनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
Source link




