मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत,परिजनों का हंगामा: डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप,पथरी के ट्रीटमेंट के लिए एक दिन पहले हुआ था भर्ती – Ambikapur (Surguja) News

अंबिकापुर के माता राजमोहनी देवी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पथरी के इलाज के लिए भर्ती युवक की शुक्रवार शाम मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। वहीं डॉक्टरों ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मरीज को परिजनों ने पानी पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के जमड़ी निवासी राजपाल खलखो को पेट दर्द के कारण गुरुवार शाम छह बजे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया था। उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। जांच में पता चला कि उन्हें किडनी स्टोन (पथरी) की शिकायत है। जांच के बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था। शुक्रवार शाम उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हॉस्पिटल में इलाज में लापरवाही की गई। दर्द और जलन बढ़ने पर उन्होंने डॉक्टरों से कई बार देखने की गुहार लगाई, लेकिन वे देखने नहीं गए। नर्सों के भरोसे इलाज चल रहा था। जब राजपाल की मौत हो गई तो डॉक्टरों ने कहा कि पानी पिलाने के कारण उसकी मौत हो गई है। परिजनों का हंगामा, जांच का मिला आश्वासन युवक की मौत और उल्टे परिजनों पर पानी पिलाने का आरोप लगाने से भड़के परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा कर दिया। इस दौरान आईसीयू के गार्ड ने महिलाओं को धक्के मारकर बाहर कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक प्रभारी डॉ. संतू बाग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उन्हें पूरी घटना बताई और इलाज में लापरवाही की शिकायत की। डॉ. संतू बाग ने कहा कि अगर परिजन चाहें तो वे पोस्टमॉर्टम करा सकते हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण पता चल जाएगा। परिजनों ने कहा-डॉक्टर ने पानी पिलाने से मना नहीं किया
मरीज के परिजन सुशीला केस्पोट्टा और जयमनी किस्पोट्टा ने कहा कि किसी भी डॉक्टर ने मरीज को कुछ खिलाने या पानी पिलाने से मना नहीं किया था। उन्होंने थोड़ा सा खीरा खिलाया था और बहुत कम पानी पिलाया था। डॉक्टर इलाज में लापरवाही छिपाने के लिए बहाना बना रहे हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डा. संतू बाग ने कहा कि वे विभाग के एचओडी से मामले में जानकारी लेंगे। इसके बाद ही कुछ बता पाएंगे। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।
Source link



