Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने कहा- माओवाद प्रभावित इलाकों में विकास से आ रहा बदलाव, दंतेवाड़ा इसकी मिसाल

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास से आ रहे बदलावों पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम इस बदलाव की जीती-जागती मिसाल है। पीएम ने कोरिया के सोन हनी की भी तारीफ की।
By Prashant Pandey
Publish Date: Sun, 25 May 2025 01:49:59 PM (IST)
Updated Date: Sun, 25 May 2025 01:57:30 PM (IST)
HighLights
- दंतेवाड़ा में विकास की नई इबारत, पीएम मोदी ने जताई खुशी।
- छत्तीसगढ़ में शिक्षा का परचम लहरा रहा दंतेवाड़ा, प्रदेश में टॉपर।
- माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास, नई दिशा की ओर बढ़ते कदम।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर, कोरिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने रेडिया कार्यक्रम मन की बात में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास से आ रहे बदलावों पर खुशी जताई और कहा कि यह हमें गर्व से भर रहा है। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम इस बदलाव की जीती-जागती मिसाल है। इसके साथ ही पीएम ने कोरिया के सोन हनी की भी तारीफ की।
10वीं में दंतेवाड़ा रहा था प्रदेश में टॉपर
10वीं में 95 प्रतिशत परिणाम के साथ दंतेवाड़ा ने पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया, जबकि 12वीं में यह जिला छठे स्थान पर रहा। यह वही दंतेवाड़ा है, जहां कभी माओवाद अपने चरम पर था। आज वहां शिक्षा का परचम लहरा रहा है।
ये कहानियां बताती हैं कि साहस, दृढ़ निश्चय और सामूहिक प्रयासों से कितना कुछ हासिल किया जा सकता है। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकास की नई इबारत लिख रहा है।
चुनौतियों के बीच अपने जीवन को बेहतर बनाने की राह
प्रधानमंत्री ने बस्तर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा है कि इस तरह के प्रयासों से पता चलता है कि इन इलाकों में रहने वाले लोग कितने साहसी होते हैं। इन लोगों ने तमाम चुनौतियों के बीच अपने जीवन को बेहतर बनाने की राह चुनी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे यह जानकार भी बहुत खुशी हुई कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में दंतेवाड़ा जिले के नतीजे बहुत शानदार रहे हैं। करीब 95 प्रतिशत रिजल्ट से ये जिला 10वीं के नतीजों में टॉप पर रहा, वहीं 12वीं की परीक्षा में इस जिले ने छत्तीसगढ़ में छठा स्थान हासिल किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से बस्तर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे बदलाव हम सभी को गर्व से भर देते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा मन की बात की 122वीं कड़ी में बस्तर क्षेत्र और दंतेवाड़ा का जिक्र करने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के नक्शे कदम पर चल रही है और विकसित छत्तीसगढ़ इस अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान निभाएगा।




