Koria News: एसईसीएल ने चिरमिरी में रातों-रात खोद दी सडक़, लिखा- आगे रास्ता बंद है, शहर के 4500 लोग परेशान

चिरमिरी। एसईसीएल प्रबंधन ने नगर निगम चिरमिरी से बरतुंगा जाने वाली सडक़ को खोद कर आवागमन बंद कर दिया है। इससे शहर के 2 वार्डों में रहने वाले 4 हजार 500 से ज्यादा लोग परेशान हैं। सडक़ बंद (Road closed in Chirimiri) होने से स्थानीय जनता की सुरक्षा और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। रहवासियों का आरोप है कि एसईसीएल ने बिना सूचना के यह निंदनीय कार्य किया। लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम चिरमिरी एवं एसईसीएल प्रबंधन से गुहार लगा जल्द सडक़ खोलने की मांग रखी है। लोगों का कहना है कि छोटी बाजार से बरतुंगा के लिए जाने वाली रात के अंधेरे में खोद दिया गया है। जबकि वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी नहीं की गई। जो रास्ता वैकल्पिक मार्ग के लिए बनाया गया है, वह 7 किलोमीटर लंबा है। साथ ही बीच में जंगल और बड़ी गाडिय़ों की उस मार्ग पर आवाजाही है। बरतुंगा में डीएवी स्कूल में पढऩे वाले बच्चों को परिजन दोपहिया वाहन से जंगल होकर स्कूल पहुंचा रहे हैं।




