कोंडागांव के बालक आश्रम शाला में कक्षा चौथी के छात्र से मारपीट, बीईओ ने जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी रिपोर्ट


छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड के कोसागांव स्थित बालक आश्रम शाला में कक्षा चौथी के छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि 16 सितंबर को खिड़की तोड़ने की बात कहकर सहायक शिक्षक उमेश नेताम ने कक्षा चौथी के छात्र नकुल नाग को डंडे से पीटा।
पीड़ित छात्र के पिता रतन सिंह के मुताबिक, उनका बेटा नकुल नाग कोसागांव स्थित बालक आश्रम शाला में कक्षा चौथी में पढ़ता है। परिजनों का आरोप है कि 16 सितंबर को खिड़की तोड़ने का आरोप लगाकर छात्र के साथ मारपीट की गई। छात्र ने घरवालों को बताया कि उसके पैर पर डंडे से मारा गया था।
परिजनों के अनुसार, छात्र के एक पैर में पहले से फ्रैक्चर होने के कारण ऑपरेशन के बाद रॉड लगी हुई है। मारपीट के बाद उसी पैर में सूजन आ गई और उसे चलने में परेशानी होने लगी। छात्र के पैर में पहले से ऑपरेशन के बाद रॉड लगी हुई थी। मारपीट के बाद उसी पैर में सूजन और दर्द होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के अनुसार, छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद टीचर ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद अस्पताल की ओर से परिजनों को फोन कर बुलाया गया। अस्पताल पहुंचने पर पिता को बेटे के साथ मारपीट की जानकारी मिली। इलाज के बाद पिता छात्र को अपने साथ घर ले गए।
परिजनों का कहना है कि फिलहाल छात्र के पैर की सूजन कुछ कम हुई है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार दवाइयां चल रही हैं।
मामले में शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है। फरसगांव के विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने 18 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी, कोंडागांव को पत्र भेजकर घटना की जानकारी दी है।
पत्र में बताया गया है कि 17 सितंबर को संकुल प्राचार्य से फोन पर जानकारी मिलने के बाद बालक आश्रम शाला कोसागांव का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पता चला कि 16 सितंबर को कक्षा चौथी के छात्र नकुल नाग के साथ शिक्षक उमेश नेताम ने मारपीट की थी।
रिपोर्ट में छात्र के पैर में गंभीर चोट लगने की बात भी दर्ज की गई है। शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद फरसगांव बीईओ ने निरीक्षण कर 18 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी है।




