खैरागढ़ के छिंदारी बांध में नहाते समय 17 साल का किशोर डूबा, तैरना नहीं जानने के बावजूद गहरे पानी में चला गया

खैरागढ़ जिले के रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। जलाशय में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे …और पढ़ें
HighLights
- छिंदारी बांध में नहाते समय 17 साल का किशोर डूबा
- तैरना नहीं जानने के बावजूद गहरे पानी में चला गया
- छिंदारी बांध में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी कई घटनाएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, छुईखदान। खैरागढ़ जिले के रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। जलाशय में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा खोज अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका। अब तलाश के लिए दुर्ग से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है जो कि गुरुवार सुबह से खोजबीन शुरू करेगी।
तैरना नहीं जानने के बावजूद गहरे पानी में उतरे दोस्त
जानकारी के अनुसार छुईखदान निवासी तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय बाद तीनों जलाशय में नहाने उतर गए। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे पानी के गहरे हिस्से की ओर चले गए। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों डूबने लगे।
हादसे के दौरान दो युवक किसी तरह पानी से बाहर निकल आए, लेकिन उनके साथ मौजूद लक्ष्य पाल (17) पिता संजय पाल, निवासी छुईखदान गहरे पानी में समा गया। काफी प्रयास के बाद भी वह बाहर नहीं निकल सका।
दुर्ग से बुलाई गई एसडीआरएफ की टीम
घटना के बाद दोनों युवकों ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। हालांकि जलाशय की अधिक गहराई और पानी में सीमित दृश्यता के कारण तलाश अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार किशोर की खोज के लिए दुर्ग से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। विशेष उपकरणों से लैस टीम गुरुवार को जलाशय में सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
छिंदारी बांध में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
उल्लेखनीय है कि छिंदारी बांध में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन की ओर से लगातार सावधानी बरतने और गहरे पानी में नहीं उतरने की चेतावनी दी जाती रही है, लेकिन इसके बावजूद लोग जोखिम उठाते हैं। ताजा घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं किशोर के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।




