कांकेर में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाला गिरफ्तार, 46 हजार का सामान जब्त

कांकेर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए सट्टा चला रहा था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, बाइक और नकदी समेत 46 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
कांकेर जिले में ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए वर्ली मटका, कल्याण और राजधानी नाइट वर्ली मटका जैसे खेलों पर लोगों से पैसे लगवा रहा था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, बाइक और नकदी समेत करीब 46 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना
पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 1 अगस्त को थाना प्रभारी पीएसआई प्रज्ञा पैकरा अपनी टीम के साथ शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोविंदपुर खेल मैदान के पास एक व्यक्ति मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा चला रहा है।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सद्दाम हुसैन (32 वर्ष), निवासी बागोडार, कांकेर बताया।
जब्त सामान और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, प्लेटिना बाइक और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 46 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोबाइल और व्हाट्सएप के जरिए लोगों से अलग-अलग नंबरों पर पैसे लगवाकर ऑनलाइन सट्टा खिलाता था। पुलिस ने उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




