जशपुर: शराब के नशे में विवाद, पिता-बेटे ने पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या, CCTV में कैद वारदात
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पहाड़ी कोरवा समुदाय के युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी पिता और बेटे ने पत्थर से सिर कुचलकर युवक को मार डाला। हत्या की पूरी वारदात पंचायत भवन के सामने लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मृतक की पहचान कंदरई, बलादरपाठ निवासी भगुआ राम (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भगुआ राम सोमवार को लकड़ी बेचने के लिए सन्ना आया था। शाम को वह पंचायत भवन की ओर जा रहा था, तभी पिता-बेटे उसके पास पहुंचे। तीनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान भगुआ राम ने डंडे से आरोपियों को डराने की कोशिश की। इसी बीच एक आरोपी ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। भगुआ राम के गिरने के बाद दूसरे आरोपी ने भी उसके सिर पर पत्थर से दो-तीन बार वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी वहां से भाग गए।
इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी पिता और बेटे को हिरासत में लिया। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।




