जंगल में मिला हथियारों का जखीरा: ई-30 ऑप्स टीम को बड़ी कामयाबी, SLR और इंसास समेत कई नक्सली हथियार बरामद

जिले के थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम बड़ेगोबरा के सातमारी पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए माओवादियों द्वारा डंप किए गए स्वचालित हथियारों को बरामद किया है। यह महत्वपूर्ण सफलता जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम को मिली है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 में गरियाबंद में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से गहन पूछताछ के दौरान यह सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सातमारी पहाड़ी में हथियार डंप किए गए हैं। इस सूचना के आधार पर, स्थान की पहचान कर 16 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय से ई-30 ऑप्स टीम को रवाना किया गया।




