गढ़चिरौली में 36 लाख की इनामी पांच महिला माओवादी गिरफ्तार

गुप्त सूचना के आधार पर गढ़चिरौली पुलिस और सी-60 कमांडो टीम ने लाहेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिनगुंडा गांव में 50 से 60 माओवादियों के एकत्र होने की खबर पर 18 मई को सर्च आपरेशन चलाया। 19 मई को सी-60 कमांडो दस्ते ने गांव को घेरते हुए तलाशी शुरू की और पांच माओवादियों को बिना किसी मुठभेड़ के हिरासत में ले लिया।
By Navodit Saktawat
Publish Date: Tue, 20 May 2025 08:46:17 PM (IST)
Updated Date: Tue, 20 May 2025 08:49:57 PM (IST)
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इन पर महाराष्ट्र सरकार ने 36 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि टीसीओसी अवधि के दौरान पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए माओवादियों में एक डिवीजनल कमेटी मेंबर, एक एरिया कमेटी मेंबर और तीन प्लाटून सदस्य शामिल हैं।
पुलिस ने तीन माओवादियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य नाबालिग होने के संदेह में हिरासत में लेकर उन्हें बाल न्यायालय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
गिरफ्तार माओवादियों की पहचान उंगी मंगरू होयम उर्फ सुमली डीवीसएम, प्लाटून 32), पल्लवी केसा मीडियम उर्फ बंडी एसीएम, प्लाटून 32 और देवे कोसा पोडियाम उर्फ सबिता प्लाटून सदस्य के रूप में हुई है। ये सभी बीजापुर की रहने वाली हैं।
दो अन्य माओवादी सदस्यों की उम्र संबंधी पुष्टि न होने पर उन्हें बाल न्यायालय बोर्ड में पेश किया है। उंगी मंगरू होयम पर 16 लाख, पल्लवी केसा मीडियम पर आठ लाख, देवे कोसा पोडियाम पर चार लाख और अन्य दो पर कुल आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।
घात लगाने की फिराक में थे माओवादी
गुप्त सूचना के आधार पर गढ़चिरौली पुलिस और सी-60 कमांडो टीम ने लाहेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिनगुंडा गांव में 50 से 60 माओवादियों के एकत्र होने की खबर पर 18 मई को सर्च आपरेशन चलाया। 19 मई को सी-60 कमांडो दस्ते ने गांव को घेरते हुए तलाशी शुरू की और पांच माओवादियों को बिना किसी मुठभेड़ के हिरासत में ले लिया।
हथियार बरामद
माओवादियों से सुरक्षा बलों ने एक स्वचलित एसएलआर, एक 303 रायफल, तीन सिंगल शाट रायफल, दो भरमार बंदूकें, तीन वाकी-टाकी सेट और नक्सल साहित्य सहित अन्य सामग्री बरामद की है।
तीन वर्षों में 103 गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार,सभी पांच माओवादी सुरक्षाबलों पर हमलों समेत कई गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं। गढ़चिरौली पुलिस ने जनवरी 2022 से अब तक कुल 103 माओवादियों को गिरफ्तार किया है, जो नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।




