धमतरी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग: अजय चंद्राकर बोले- योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत,नशामुक्ति की दिलाई शपथ – Dhamtari News

धमतरी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी में भव्य जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित हरदिहा साहू समाज भवन, रत्नाबांधा रोड पर आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।
योग प्रशिक्षक ने कराए विभिन्न योगभ्यास योग प्रशिक्षक रेवती नेताम के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन और शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी और ध्यान की क्रियाएं भी कराई गईं। योग शरीर, मन और आत्मा का समन्वय: अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य उपहार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। योग से बढ़ती है कार्यक्षमता, मिलता है तनाव से मुक्ति महापौर रामू रोहरा ने कहा कि योग स्वस्थ और सक्रिय जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता बढ़ती है और मानसिक तनाव कम होता है। वहीं पूर्व विधायक रंजना साहू ने योग को भारतीय सनातन संस्कृति की अनुपम देन बताते हुए कहा कि यह मानव जीवन में अनुशासन, संतुलन और आत्मिक शांति स्थापित करता है।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई शपथ कार्यक्रम के समापन पर विधायक अजय चंद्राकर ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग और नशामुक्त जीवन दोनों आवश्यक हैं। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। जिलास्तरीय योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और स्वस्थ जीवन के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को दर्शाया।
Source link




