CG पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’… दुबई से चल रहे ऑनलाइन ठगी गिरोह का भंडाफोड़, मुंबई से गुर्गा गिरफ्तार

नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। कोतमा पुलिस द्वारा बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस मामले में एक आरोपित को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है, जबकि प्रकरण का मुख्य सरगना दुबई में फरार है। अभी तक पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। मुंबई निवासी हितेश नंदवानी उर्फ सिल्वर ओक्स दुबई में बैठकर भारत में ऑनलाइन ठगी एवं अवैध गैंबलिंग का नेटवर्क संचालित कर रहा था। आरोपितों से 165 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 20 पासबुक, 5 चेकबुक, 18 मोबाइल फोन, लैपटॉप एवं राउटर जब्त किए गए हैं।
सरकारी योजना के नाम पर खुलवाते थे खाते
जानकारी अनुसार, 27 फरवरी को दीपक केवट निवासी ग्राम पडोर, थाना भालूमाड़ा द्वारा थाना कोतमा में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक एवं सिम कार्ड अपने पास रखकर कमीशन लिया जा रहा है। खातों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की जा रही है। इस शिकायत के बाद कोतमा पुलिस द्वारा बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खातों पर था फोकस: एटीएम लिमिट का खेल
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपित बादल सोनी उर्फ जिमी निवासी कोतमा द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर जिले के भोले-भाले लोगों के बैंक खाते खुलवाए जाते थे, जो मुख्यतः बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खोले जाते थे, क्योंकि इस बैंक के एटीएम कार्ड की लिमिट अधिक होती है। खाता खुलवाने के बाद आरोपितों द्वारा एटीएम कार्ड, पासबुक एवं सिम कार्ड अपने कब्जे में रख लिए जाते थे। इसके बाद ये खाते मुंबई स्थित आरोपित दीपक यादव उर्फ फिलिप के पास भेजे जाते थे, जो इन्हें सेट कर दुबई भेज देता था।
दुबई से मुंबई तक फैला नेटवर्क: रोजाना लाखों की निकासी
दुबई में बैठे सरगना द्वारा इन खातों का उपयोग अवैध लेन-देन एवं ऑनलाइन ठगी के लिए किया जाता था। ट्रांजेक्शन के बाद राशि की निकासी मुंबई में एटीएम के माध्यम से की जाती थी। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मुंबई कनेक्शन सामने आने पर पुलिस टीम को मुंबई भेजा गया, जहां दबिश देकर आरोपित दीपक यादव उर्फ फिलिप को गिरफ्तार किया गया। इसके कब्जे से 145 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड (एयरटेल, जियो, वीआई), 20 पासबुक, 05 चेकबुक, 14 मोबाइल फोन, 01 डेल लैपटॉप एवं 01 राउटर बरामद किए गए।
दुबई में बैठे सरगनाओं के खिलाफ लुकआउट नोटिस की तैयारी
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह दुबई में बैठे सरगना हितेश नंदवानी, विशाल जत्यानी एवं पंकज सुखनानी के निर्देश पर कार्य करता था। पार्सल के माध्यम से प्राप्त एटीएम कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों को सेट कर दुबई भेजता था तथा प्रतिदिन 10–12 लाख रुपये की निकासी कर उक्त व्यक्तियों तक पहुंचाता था। इस प्रकरण के मुख्य आरोपित हितेश नंदवानी उर्फ सिल्वर ओक्स, विशाल जत्यानी उर्फ विक्की, पंकज सुखनानी एवं नीतू नंदवानी वर्तमान में दुबई में रहकर इस गिरोह का संचालन कर रहे हैं। इनके विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी कराया जा रहा है तथा गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही, बैंक कर्मचारियों एवं अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 165 करोड़ रुपये के यस बैंक घोटाले की सीबीआई करेगी जांच, हाईकोर्ट ने दिया आदेश




