बिलासपुर से दिल्ली जा रहे विमान की दिल्ली में इमरजेंसी-लैंडिंग:हवा में इंजन से लीक हुआ फ्यूल, 40 यात्री सुरक्षित


प्रयागराज से दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान (फ्लाइट नंबर 9I 698) में शुक्रवार दोपहर हवा में बड़ी तकनीकी खराबी आ गई। मेरठ के आसमान पर पहुंचने के बाद विमान के इंजन में फ्यूल लीक होने का पता चला। इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अच्छी खबर यह है कि विमान में सवार क्रू मेंबर्स सहित सभी 40 लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद डीजीसीए ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह विमान बिलासपुर-प्रयागराज-दिल्ली रूट पर उड़ान भरता है। शुक्रवार सुबह 10:45 बजे यह विमान बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 11:58 बजे यह प्रयागराज पहुंचा। कुछ देर रुकने के बाद दोपहर 12:33 बजे विमान ने नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी। जब फ्लाइट मेरठ के आसपास पहुंची, तो पायलट को एक इंजन में तकनीकी समस्या महसूस हुई। पायलट ने तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। पायलट की सूचना मिलते ही इंदिरा गांधी एयरपोर्ट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल और एंबुलेंस सहित सभी जरूरी इंतजाम किए गए। दोपहर करीब 2:15 बजे पायलट ने सूझबूझ से विमान को सुरक्षित उतार लिया, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। 15 दिन में अलायंस एयर के विमान में दूसरी बड़ी खराबी
अलायंस एयर के विमान में तकनीकी खराबी की यह दो सप्ताह के भीतर दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट (9I 613) के साथ भी हादसा होते-होते बचा था। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उस विमान का बायां टायर फट गया था। टायर फटने से रनवे पर चिंगारी निकली और तेज घर्षण हुआ था। उस समय विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे। दो सप्ताह के भीतर हुई इन दो बड़ी घटनाओं ने अलायंस एयर के विमानों के मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तकनीकी समस्या की वजह से दिल्ली में विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। -प्रसन्न सोनी, स्टेशन मैनेजर, एलायंस एयर




