अंबिकापुर में स्कूटी टकराव के बाद युवक पर चाकू से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

अंबिकापुर शहर के रॉयल पार्क के पास 9 सितंबर की दोपहर एक युवक की स्कूटी से एक बच्चे को हल्की ठोकर लग गई थी। इस घटना की जानकारी जब घायल बच्चे के मामा को मिली, तो वह अपने दोस्त के साथ बैट और चाकू लेकर मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने स्कूटी सवार युवक के साथ पहले बैट और हाथ-मुक्के से मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी वंश पंडित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अलावा आम्र्स एक्ट की भी कार्रवाई की है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत किसान राइस मिल रोड स्थित रॉयल पार्क निवासी आकाश गोयल ने पुलिस को बताया कि वह 9 सितंबर की दोपहर 1 बजे स्कूटी से अपनी दुकान जा रहा था। वह स्कूटी से रॉयल पार्क मोड़ के पास पहुंचा ही था कि उसकी स्कूटी से आदी अग्रवाल का मासूम भांजा हल्का सा टकरा गया। इसके बाद बच्चे को परिजन अस्पताल ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर आदी अग्रवाल अपने साथी नमनाकला निवासी वंश पंडित के साथ स्कूटी से वहां आया। वंश पंडित ने अपने हाथ में चाकू रखा था, जबकि आदी अग्रवाल ने बैट रखा था। इसके बाद दोनों ने आकाश गोयल के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर बैट तथा हाथ-मुक्के से मारपीट करने लगे।
इस दौरान वंश पंडित ने चाकू से आकाश के कूल्हे के पास हमला कर दिया। इसी बीच मौका पाकर आकाश वहां से भाग निकला और घटना की जानकारी गांधीनगर थाने में दी। रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी वंश कुमार झा उर्फ वंश पंडित पिता राजू झा, उम्र 20 वर्ष, निवासी नमनाकला शनि मंदिर के पास, थाना गांधीनगर को गिरफ्तार किया। वारदात के बाद आरोपी ने चाकू को घटनास्थल के पास ही कहीं फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 109, 3(5) बी.एन.एस. एवं 25-27 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे जेल दाखिल कर दिया है। जबकि दूसरे आरोपी आदी अग्रवाल को पुलिस तलाश कर रही है।


