सिलदहा के खिलाड़ियों का नेशनल थ्रो बॉल में जलवा, 14 का चयन नेशनल प्रतियोगिता के लिए

बिलासपुर /रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता) :- मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित 34वीं जूनियर नेशनल थ्रो बॉल प्रतियोगिता में सिलदहा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने क्षेत्र का नाम रौशन किया। बालिका वर्ग की टीम ने कई बड़े राज्यों जैसे मध्यप्रदेश, झारखंड, मुंबई और हरियाणा को हराते हुए सेकंड रनर-अप का खिताब जीता। इस उपलब्धि के साथ ही 14 खिलाड़ियों का चयन नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया गया।
सफलता के इस सफर का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत के साथ कोच रीना हितेंद्र सिंह को जाता है, जिनके अथक प्रयासों से यह टीम हर साल राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है।
प्रतियोगिता में देशभर के 27 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सिलदहा के खिलाड़ियों के लौटने पर स्कूल परिवार ने उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया। कोच रीना हितेंद्र सिंह ने सीमित संसाधनों और सुविधाओं के बावजूद बच्चों को इस स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में शिवानी सोनवानी, पल्लवी वर्मा, सरस्वती निषाद, गायत्री वर्मा, सुमन यादव, अनीशा नंद (बालिका वर्ग) और मनीष निषाद, सुजल वर्मा, अमन राजपूत, रामप्रसाद यादव, मनीष यादव, राकेश ध्रुव, अभिषेक राजपूत, प्रियांशु राजपूत (बालक वर्ग) शामिल रहे।
कोच रीना हितेंद्र सिंह के नेतृत्व में सिलदहा के खिलाड़ी 2015 से लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में सफलता का परचम लहरा रहे हैं। इस उपलब्धि से न केवल गांव का नाम रौशन हुआ है, बल्कि अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिली है।




