बारिश में तटबंध धराशायी… वर्क ऑर्डर से पहले बनाया, जगह-जगह आई दरारें
विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम पंचायत लड़ुवा में तटबंध निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि संबंधित विभाग से विधिवत वर्क ऑर्डर जारी होने से पहले ही ठेकेदार ने तटबंध का निर्माण शुरू कर दिया। अब पहली ही बारिश में तटबंध का एक हिस्सा भरभराकर धराशायी हो गया है, जबकि शेष हिस्सों में भी जगह-जगह लंबी और गहरी दरारें दिखाई दे रही हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता, विभागीय निगरानी और पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार जिस भूमि पर तटबंध का निर्माण किया गया, वह निजी भूमि है और उसके स्वामी रामखेलावन ने अपनी जमीन पर निर्माण कराने से स्पष्ट रूप से मना किया था। इसके बावजूद उनकी आपत्ति को नजरअंदाज कर दिया गया। आरोप है कि जब भूमि स्वामी गांव में मौजूद नहीं थे, उसी दौरान ठेकेदार ने तेजी से निर्माण कार्य करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बिना सहमति और आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए निजी भूमि पर निर्माण कराया जाना नियमों के विरुद्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ^मना करने के बावजूद मेरी भूमि पर मेरी अनुपस्थिति में आनन-फानन में ठेकेदार ने तटबंध का निर्माण कार्य करा दिया -रामखेलावन, भूमि स्वामी लड़ुवा निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने कहा तटबंध निर्माण में जहां मानकों के अनुसार गिट्टी व गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री का उपयोग करना था, वहां पत्थर डाल औपचारिकता पूरी कर दी गई, जिससे कई स्थानों पर गहरी दरारें पड़ गई हैं। मैंने ठेकेदार को मना किया था भूमि स्वामी के मना करने के बावजूद अगर निजी भूमि में सरकारी निर्माण कराया गया है तो टीम भेजकर इसकी जांच कराई जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। -अनमोल विवेक टोप्पो, एसडीएम, शंकरगढ़




