पूर्व सीएम भूपेश बोले- जनता हर मोर्चे पर परेशान – Mahasamund News

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राजिम प्रवास के दौरान राज्य की भाजपा सरकार पर महंगाई, किसानों की समस्याओं, कानून-व्यवस्था और अवैध रेत उत्खनन जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। सामाजिक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे नवापारा स्थित कांग्रेस नेता जीत सिंह के निवास पहुंचे, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड के पास ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पहारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। दोपहर भोज के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता हर मोर्चे पर परेशान है, जबकि सरकार केवल दावे और प्रचार तक सीमित नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ डाला है। उनके अनुसार भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन के दौरान खाद संकट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसान खाद और बीज के लिए भटक रहे हैं। सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं है, जबकि निजी दुकानों में किसानों से अधिक कीमत वसूली जा रही है। इससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। भूपेश बघेल ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, चोरी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि कानून-व्यवस्था की कमजोर स्थिति को दर्शाती है। उनका आरोप है कि सरकार अपराध नियंत्रण में प्रभावी साबित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था जैसे मूलभूत मुद्दों से भटक चुकी है। प्रदेश की जनता इन परिस्थितियों को देख रही है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से उचित समय पर अपना निर्णय देगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन, राम गिडलानी, सन्नी अग्रवाल, नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, जीत सिंह, सौरभ शर्मा, अजय कोचर, राजा चावला, चंद्रहास साहू, गोल्डी पारख, स्वर्णजीत कौर,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Source link




