
पत्थलगांव/जशपुर। छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के वरिष्ठ पत्रकार और पत्थलगांव निवासी रमेश शर्मा का आज प्रातः 5 बजे उनके निवास पत्थलगांव में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित क्षेत्र में शोक की लहर है।
13 अप्रैल 1958 को जन्मे रमेश शर्मा ने करीब पाँच दशकों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने लंबे समय तक दैनिक भास्कर के साथ काम किया। इसके साथ ही वे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया IBC24 से भी जुड़े रहे। दोनों माध्यमों में काम करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
रमेश शर्मा की खबरों पर मजबूत पकड़ थी। स्थानीय मुद्दों और आम लोगों से जुड़े जनसरोकार की खबरों को वे प्राथमिकता से उठाते थे। क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने और जनहित के मुद्दों को आवाज देने के लिए वे पत्रकारिता जगत में जाने जाते थे।
करीब पांच दशक के लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने पत्थलगांव सहित छत्तीसगढ़ के सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। उनका निधन छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
💐 विनम्र श्रद्धांजलि 💐
ॐ शांति शांति शांति। 🙏




