E20 पेट्रोल के खिलाफ AAP का दिल्ली मार्च: छत्तीसगढ़ से हजारों कार्यकर्ता 4 अगस्त को करेंगे PM आवास का घेराव

आम आदमी पार्टी 4 अगस्त को E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी। छत्तीसगढ़ से हजारों कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। पार्टी का दावा है कि E20 से वाहनों को नुकसान हो रहा है और केंद्र सरकार नीति की समीक्षा नहीं कर रही है।
आम आदमी पार्टी (AAP) 4 अगस्त को केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर होने वाले इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। AAP छत्तीसगढ़ के मुताबिक, प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों से करीब 50-50 कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजने की तैयारी की गई है। पार्टी का दावा है कि छत्तीसगढ़ से हजारों कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे और केंद्र सरकार की E20 नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
E20 से गाड़ियों को नुकसान होने का दावा
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि E20 पेट्रोल नीति की वजह से वाहन मालिकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी का दावा है कि इससे गाड़ियों में तकनीकी खराबी, माइलेज में कमी और मेंटेनेंस का खर्च बढ़ रहा है। AAP का कहना है कि इन शिकायतों के बावजूद केंद्र सरकार नीति की समीक्षा नहीं कर रही है।
यह सिर्फ पेट्रोल का नहीं, आम लोगों की जेब का मुद्दा
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ E20 पेट्रोल नीति के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के आर्थिक हितों से जुड़ा मुद्दा है। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त तैयारी और व्यापक अध्ययन के इस नीति को लागू किया गया, जिससे करोड़ों वाहन मालिक प्रभावित हो सकते हैं।
लोगों से मांगे E20 से नुकसान के वीडियो
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं और वाहन मालिकों से अपील की है कि यदि उनकी गाड़ियों को E20 पेट्रोल से किसी तरह का नुकसान हुआ है तो उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें और अरविंद केजरीवाल को टैग करें। पार्टी का दावा है कि ऐसे वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा। AAP ने कार्यकर्ताओं से 4 अगस्त के आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होकर केंद्र सरकार तक विरोध का संदेश पहुंचाने की अपील भी की है।




